निरंकारी मिशन के प्रोजेक्ट अमृत का तृतीय चरण का शुभारम्भ 23 को
संत निरंकारी मिशन द्वारा जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तहत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और सत्कार योग्य निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन सान्निध्य में यमुना नदी के छठ घाट, आई.टी.ओ., दिल्ली पर संपन्न होगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करना और जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देना है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल और स्वस्थ पर्यावरण का लाभ मिल सके।
टोहाना ब्रांच के संयोजक श्री आशीष निरंकारी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत टोहाना ब्रांच द्वारा 23 फरवरी, रविवार को प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक रेलवे स्टेशन पर सफाई अभियान आयोजित किया जाएगा। टोहाना सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों निरंकारी भक्त और सेवादल सदस्य इस सेवा कार्य में भाग लेंगे। संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ की शुरुआत की थी। इस अभियान के माध्यम से केवल जल स्रोतों की सफाई ही नहीं, बल्कि समाज में जल संरक्षण को अनिवार्य मूल्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
संत निरंकारी मंडल के सचिव श्री जोगिंदर सुखीजा जी ने बताया कि यह अभियान देशभर के 27 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 900 से अधिक शहरों में 1600 से भी अधिक स्थानों पर 23 फरवरी 2025 को एक साथ आयोजित किया जाएगा। संत निरंकारी मिशन की यह पहल समाज को प्रेरित करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देने का कार्य कर रही है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का भी यही संदेश है कि हम इस धरती को और अधिक सुंदर स्वरूप में छोड़कर जाएं।